जमानत पर छूटे आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या कर खुदकुशी की

बालोद जिले के फरदफोड़ गांव में एक जमानत पर रिहा आरोपी ने आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर 54 वर्षीय कार्यकर्ता उगेश्वरी देवांगन की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी केंद्र के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लखन देवांगन दोपहर के समय आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा, जहां उस समय बच्चे भोजन कर रहे थे। उसने पहले बच्चों को बाहर जाने के लिए कहा और सहायिका को भी बाहर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
आरोपी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने केंद्र के अंदर ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता ने 13 जनवरी को आरोपी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी को जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी सीधे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
यह घटना छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।





