खमतराई के यार्ड में छापा: 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

राजधानी में अवैध रूप से भंडारित गुटखे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने करीब 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त किया है। यह खेप खमतराई क्षेत्र के एक यार्ड में डंप कर रखी गई थी। मामले में जांच जारी है और सैंपल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस को लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम का गठन किया गया और संदिग्ध यार्ड में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद हुआ, जिसे बोरियों में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किया गया गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग को मौके पर बुलाया गया। विभाग द्वारा सैंपल लेकर जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उत्पाद स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप है या नहीं।
फिलहाल गोदाम संचालक से पूछताछ की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





