अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: नक्सलवाद पर सख्ती, कांग्रेस के सवालों पर बृजमोहन का जवाब

रायपुर। नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ बीजेपी का गढ़ है, इसलिए बीजेपी के नेता यहां आएंगे ही। उन्होंने कहा कि देश की दो बड़ी समस्याएं आतंकवाद और नक्सलवाद हैं और केंद्रीय गृहमंत्री ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। इसी उद्देश्य से अमित शाह छत्तीसगढ़ आते हैं। कांग्रेस को इस पर सवाल उठाने के बजाय धन्यवाद देना चाहिए।
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में अगर कोई सबसे बड़ी बाधा रही है, तो वह नक्सलवाद रहा है। नक्सलवाद के खत्म होने से राज्य तेजी से विकसित राज्य बनेगा।
राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे से बढ़ा गौरव
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज बस्तर पंडुम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचीं। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति ने किया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन से पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने इसे सभी के लिए सौभाग्य का विषय बताया और राष्ट्रपति का स्वागत व अभिनंदन किया।





