8 साल का इंतजार खत्म, कचना ओवरब्रिज खुलने से रायपुर को मिली बड़ी राहत

रायपुर के कचना रेलवे ओवरब्रिज का लंबे इंतजार के बाद उद्घाटन कर दिया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार रात ओवरब्रिज का लोकार्पण किया, जिसके बाद आम लोगों के लिए इसे खोल दिया गया। ओवरब्रिज शुरू होने से अब हजारों लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलेगी।
ड्रोन वीडियो में दिखा जगमगाता ओवरब्रिज
कचना ओवरब्रिज का रात का ड्रोन वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में ब्रिज की चमचमाती लाइटें और वाहनों की आवाजाही दिखाई दे रही है। उद्घाटन के बाद लोग देर रात तक ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते नजर आए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले हर 15 मिनट में रेलवे फाटक बंद होने से लंबा जाम लग जाता था। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आसपास के रहवासियों को रोज परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब ओवरब्रिज खुलने से आवाजाही आसान हो गई है।
48 करोड़ की लागत से तैयार हुआ प्रोजेक्ट
कचना रेलवे ओवरब्रिज करीब 48.78 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। यह 871 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा टू-लेन ओवरब्रिज है। यह खम्हारडीह स्थित सीएससीबी कार्यालय के पास से शुरू होकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी तक जुड़ता है।
इसके साथ ही शंकर नगर, खम्हारडीह और कचना सड़क चौड़ीकरण का काम भी किया गया है। ओवरब्रिज से कचना, सड्डू, रिंग रोड-3 और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।
हर दिन लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक इस रूट से रोजाना करीब 120 यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। ट्रेनों की संख्या बढ़ने के कारण रेलवे फाटक बार-बार बंद होता था, जिससे यातायात प्रभावित रहता था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से शहर के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम और रेलवे फाटक की समस्या से राहत मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने भी इसे शहर के लिए बड़ी सुविधा बताया है। उद्घाटन समारोह के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किया गया था और कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





