क्रिप्टो ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 76 निवेशकों से 3 करोड़ से अधिक की ठगी

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर बड़ा निवेश घोटाला सामने आया है। हर महीने 6 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर 76 निवेशकों से करीब 3 करोड़ 8 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने फाइनेंस अप इन्वेस्टमेंट कंसल्टेंसी के नाम से संस्था संचालित कर लोगों को निवेश के लिए आकर्षित किया और शुरुआती महीनों में ब्याज भी दिया, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता गया।
कुछ समय बाद आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया और सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित अपने कार्यालय में ताला लगाकर फरार हो गया। ठगी का अहसास होने पर निवेशकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी हार्दिक कुदेषिया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन, लैपटॉप, नोट गिनने की मशीन और निवेशकों से जुड़े कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग बैंकों के खातों में निवेश की राशि जमा कराता था और क्रिप्टो एप के जरिए ट्रेडिंग का दावा करता था। शुरुआती दौर में ब्याज का भुगतान कर लोगों को और अधिक निवेश के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





