रायपुर में स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपए जब्त, हवाला नेटवर्क की जांच तेज

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी की डिक्की से 75 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में यह रकम हवाला कारोबार से जुड़ी बताई जा रही है। आरोपी मिलन शर्मा (25) को समता कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। वह पेशे से कलेक्शन एजेंट बताया जा रहा है और पिछले पांच वर्षों से रायपुर में रह रहा था।

घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की टीम ने 27 फरवरी की रात सटोरियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान समता कॉलोनी में नाकेबंदी की थी। इसी दौरान एक एक्टिवा (क्रमांक CG 04 NJ 8956) को रोककर तलाशी ली गई। डिक्की में कपड़े के थैले में भरे 75 लाख रुपए मिले। आरोपी रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह अलग-अलग इलाकों से रकम एकत्र कर ट्रांसफर करने का काम करता है। हालांकि पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, जिससे संदेह और गहरा गया। उसके कब्जे से 75 लाख रुपए नकद, चार मोबाइल फोन और स्कूटी जब्त की गई है। मोबाइल फोन की जांच कर हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।

इससे पहले 12 मार्च को आमानाका इलाके में एक कार से 4.52 करोड़ रुपए नकद बरामद किए गए थे। उस मामले में भी रकम के हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जताई गई थी।

जांच में सामने आया है कि शहर में लगभग 15 इलाकों में हवाला सिंडिकेट सक्रिय है। अनुमान है कि रायपुर से प्रतिदिन करीब 30 करोड़ रुपए का हवाला लेन-देन हो रहा है। मुंबई, दिल्ली, गुजरात और झारखंड में रकम भेजने की मांग अधिक बताई जा रही है। एक लाख रुपए भेजने पर 1500 से 2000 रुपए तक कमीशन लिया जाता है, जबकि झारखंड में यह दर 300 से 700 रुपए प्रति लाख बताई गई है।

पूर्व में शंकर नगर इलाके में एक कार्यालय पर छापेमारी के दौरान 80 लाख रुपए नकद और गुजराती भाषा में लिखे हिसाब-किताब के दस्तावेज भी बरामद किए गए थे। प्रवर्तन निदेशालय की जांच में भी हवाला के जरिए अवैध धन के लेन-देन की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार हवाला के माध्यम से विदेशों से धन लाकर विभिन्न लोगों तक पहुंचाया जाता था।

फिलहाल पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त जांच जारी है। आने वाले दिनों में हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों का खुलासा होने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button