सिकासार-कोडार नहर लिंक परियोजना को 3040 करोड़ की मंजूरी, 25 हजार हेक्टेयर में बढ़ेगी सिंचाई

गरियाबंद। सिकासार-कोडार जलाशय नहर लिंक परियोजना को 3040 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है, जिससे आने वाले वर्षों में महासमुंद जिले के सूखा प्रभावित क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस डेम-टू-डेम परियोजना से करीब 25 हजार हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

सिंचाई विभाग के अनुसार परियोजना को 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई योजना के तहत 178 गांवों तक सिंचाई, पेयजल और औद्योगिक उपयोग के लिए पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे करीब 79,650 परिवार लाभान्वित होंगे।

इस परियोजना में 88 किलोमीटर लंबी भूमिगत स्टील पाइपलाइन के जरिए सिकासार जलाशय का अतिरिक्त पानी कोडार जलाशय तक पहुंचाया जाएगा, जिससे पानी की बर्बादी कम होगी और 30 से 35 मिलियन घन मीटर पानी की बचत होगी। साथ ही स्काडा तकनीक और सेंसर सिस्टम से पानी की सप्लाई और मॉनिटरिंग की जाएगी।

सिंचाई विभाग का कहना है कि यह छत्तीसगढ़ की पहली डेम-टू-डेम लिंक परियोजना है, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। दूसरे चरण में सिकासार को अमानाला और सोन नदी से जोड़ने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button