पीएम किसान योजना की 20वीं किश्त: देशभर के 9.7 करोड़ किसानों को मिले 20,500 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ के 25 लाख किसानों को मिला लाभ

रायपुर। सावन के पवित्र महीने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से देशभर के किसानों को बड़ी सौगात दी। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के रूप में 9.7 करोड़ किसानों को 20,500 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर से वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2019 से अब तक 3.75 लाख करोड़ रुपये की राशि किसानों को सीधे डीबीटी के माध्यम से दी जा चुकी है। यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत कृषि विकास में पिछड़े जिलों पर विशेष ध्यान दे रही है, जिसके लिए 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मोदी ने यह भी बताया कि सिंचाई, प्राकृतिक आपदाओं में राहत और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं चल रही हैं। 1.5 करोड़ महिलाएं अब तक ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और तीन करोड़ के लक्ष्य की ओर तेज़ी से बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसानों को इस बार 553 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है। धान की खरीदी दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की गई है और सरकार बनने के दस दिन के भीतर ही 3716 करोड़ रुपये की बकाया बोनस राशि किसानों को दे दी गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब शून्य ब्याज दर पर केसीसी के माध्यम से किसानों को ऋण मिल रहा है, जिससे खेती और आसान हो गई है। सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने के लिए बस्तर में बड़े प्रोजेक्ट जैसे बोधघाट परियोजना और महानदी-इंद्रावती लिंक योजना पर काम हो रहा है।
उन्होंने बताया कि दलहन-तिलहन की खेती को बढ़ावा देने और भूमिहीन कृषि मजदूरों की मदद के लिए 10-10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। दुधारू पशु वितरण योजना भी शुरू की गई है, जिससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को अच्छा लाभ मिलेगा।
मिलेट्स (कोदो, कुटकी, रागी) जैसी पारंपरिक फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि किसानों को पोषण के साथ अच्छा दाम भी मिल सके।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के हित के लिए लगातार काम कर रही है। अब किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बिना ब्याज के अल्पकालिक ऋण मिल रहा है।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राज्य सरकार ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है और आधुनिक कृषि उपकरणों व तकनीकों से खेती को लाभकारी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में किसानों को कृषि उपकरणों और योजनाओं के तहत चेक और अनुदान राशि भी वितरित की गई। यह आयोजन किसानों के लिए उम्मीद और सहयोग का प्रतीक बन गया।





