रायगढ़ में मोबाइल शॉप से 16 आईफोन चोरी, CCTV में कैद हुआ वारदात का वीडियो

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक मोबाइल दुकान से 16 आईफोन और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर दुकान में घुसकर करीब 13.39 लाख रुपए के मोबाइल और 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गया। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार शहर के गोपी टॉकीज रोड स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप का संचालन लक्ष्मीपुर निवासी मोहम्मद फारुख करते हैं। सोमवार रात दुकान बंद कर संचालक और कर्मचारी घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब संचालक दुकान खोलने पहुंचे तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल बिखरे हुए मिले।
जांच के दौरान पता चला कि चोर दुकान की दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा था। वहां से वह नीचे ग्राउंड फ्लोर तक पहुंचा और शोकेस में रखे 16 आईफोन और दराज में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गया।
CCTV फुटेज में आरोपी मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर दुकान के अंदर घूमता और मोबाइल बैग में भरते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह पिट्ठू बैग में मोबाइल भरकर ले जाते हुए भी नजर आया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार CCTV में दिख रहे संदिग्ध की तस्वीरें जिले के सभी थाना-चौकी और आसपास के जिलों में भेजी गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।





