शेयर मार्केट के नाम पर 1.15 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफा कमाने का लालच देकर लोगों से 1.15 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नकुल साहू (51) लोगों से नकद और आरटीजीएस के माध्यम से पैसे लेकर निवेश कराने का झांसा देता था।

आरोपी ने दर्जनों लोगों से बड़ी रकम वसूल की और जब उन्हें पैसा लौटाने की बारी आई तो बहानेबाजी करने लगा। आखिरकार 22 जुलाई को परमेंद्र कुमार नामक व्यक्ति ने इसकी शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की। शिकायत की जांच के बाद गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 318 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी मणिकांत पांडे ने बताया कि नकुल साहू पहले भी ठगी के मामलों में जेल की सजा काट चुका है। वर्ष 2023 से वह शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करता आ रहा है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की बात कही है। इस कार्रवाई से ठगी के अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button