बालोद में नामकरण से लौट रहे ग्रामीणों की पिकअप पलटी, 2 महिलाओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ग्रामीणों से भरी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग नामकरण संस्कार में शामिल होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मंगचुआ थाना क्षेत्र के भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
इस दुर्घटना में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





