बाजार विवाद : मल्टीलेवल मार्केट पर मचा घमासान… व्यापारी बोले- पहले व्यवस्था, फिर विस्थापन।
बाजार बनेगा आधुनिक, लेकिन व्यापारियों की शर्त- पहले बेहतर इंतजाम।

बिलासपुर के बृहस्पति बाजार में प्रस्तावित 13 करोड़ रुपये (बाजार विवाद) से अधिक की लागत वाली मल्टीलेवल सब्जी मार्केट परियोजना एक बार फिर विवादों में आ गई है। नगर निगम प्रशासन जहां आधुनिक बाजार निर्माण की तैयारी में जुटा है वहीं सब्जी व्यापारियों ने प्रस्तावित अस्थायी स्थल का विरोध करते हुए पहले बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय में भी विचाराधीन है।
उचित व्यवस्था होने पर ही विस्थापन के लिए तैयार होंगे (बाजार विवाद)
नगर निगम प्रशासन वर्षों पुराने बृहस्पति बाजार को हटाकर यहां अत्याधुनिक मल्टीलेवल सब्जी मार्केट का निर्माण करना चाहता है। इस परियोजना पर 13 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। निर्माण कार्य के दौरान व्यापारियों को अस्थायी रूप से गोंडपारा स्थित मुन्नूलाल स्कूल परिसर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया गया है।प्रस्तावित अस्थायी स्थल को लेकर सब्जी व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया है। उनका कहना है कि मुन्नूलाल स्कूल परिसर व्यापार के लिए उपयुक्त नहीं है। बारिश के दौरान वहां जलभराव की समस्या रहती है मालवाहक वाहनों की आवाजाही से यातायात प्रभावित होगा और ग्राहकों के लिए बाजार तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में कारोबार पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।
व्यापारियों ने मांग की है कि निर्माण अवधि के दौरान उन्हें मंगला नाका स्थित ग्रीन पार्क में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि यह स्थान व्यापार संचालन और ग्राहकों की सुविधा दोनों के लिहाज से अधिक उपयुक्त है। व्यापारियों का कहना है कि उचित व्यवस्था होने पर ही वे विस्थापन के लिए तैयार होंगे.
जानकारी के अनुसार वर्तमान बृहस्पति बाजार में 218 चबूतरे और 35 शटर वाली दुकानें संचालित हैं। निगम की योजना इन्हें हटाकर 242 नए चबूतरे और 65 आधुनिक दुकानों का निर्माण करने की है। हालांकि व्यापारियों के विरोध और विस्थापन को लेकर उठे विवाद के बीच पूरा मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय में लंबित है जिसके फैसले के बाद ही परियोजना की दिशा स्पष्ट होगी।





