पश्चिम एशिया तनाव से शेयर बाजार में हाहाकार, खुलते ही निवेशकों के करीब 5 लाख करोड़ रुपये डूबे

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। बाजार खुलते ही भारी बिकवाली देखने को मिली और कुछ ही सेकंड के भीतर निवेशकों की संपत्ति में करीब पांच लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई।

बाजार खुलने पर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स अपने पिछले बंद स्तर के मुकाबले करीब 494 अंक गिरकर 76,369 के आसपास खुला। शुरुआती कारोबार में गिरावट और बढ़ गई और सेंसेक्स करीब 900 अंक से ज्यादा लुढ़ककर लगभग 75,948 के स्तर तक पहुंच गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी कमजोरी के साथ खुला। निफ्टी करीब 192 अंक गिरकर 23,674 के स्तर पर खुला और थोड़ी ही देर में गिरावट बढ़कर करीब 264 अंक तक पहुंच गई। इससे निफ्टी लगभग 23,602 के स्तर तक आ गया। बाजार में लगभग सभी सेक्टरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला।

दिग्गज कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली, जबकि एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। इसके अलावा आईटीसी, इन्फोसिस, टीसीएस और एशियन पेंट्स जैसे प्रमुख शेयरों में भी दबाव बना रहा।

ऑटो, मेटल और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। मारुति, एसबीआई, कोटक बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में एक से डेढ़ प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट देखी गई। वहीं इंडिगो और लार्सन एंड टुब्रो जैसे शेयरों में दो प्रतिशत से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू कारणों के साथ-साथ वैश्विक बाजारों की कमजोरी का भी असर भारतीय बाजार पर पड़ा है। एशियाई बाजारों में भी गिरावट का माहौल बना हुआ है। जापान का निक्केई इंडेक्स सैकड़ों अंकों की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि हांगकांग के हैंग सेंग और दक्षिण कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी एक प्रतिशत से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक तनाव और विदेशी बाजारों की कमजोरी के कारण निवेशकों में सतर्कता का माहौल बना हुआ है, जिससे शेयर बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई