ईरान के हमलों से खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा, इराक के पास दो तेल टैंकरों पर हमला

खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ईरान द्वारा किए जा रहे हमलों के बीच इराक के बसरा पोर्ट के पास दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया, जिससे वैश्विक तेल व्यापार को लेकर चिंता बढ़ गई है। हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिसमें एक क्रू सदस्य की मौत हो गई जबकि 38 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।

बताया गया है कि ये टैंकर पेट्रोलियम उत्पादों से लदे हुए थे और बंदरगाह के पास लोडिंग के दौरान हमला हुआ। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार विस्फोटकों से भरी छोटी नावों के जरिए टैंकरों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद इराक के तेल बंदरगाहों पर कामकाज अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ, हालांकि वाणिज्यिक बंदरगाहों पर गतिविधियां जारी हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद आग तेजी से फैल गई और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जहाज पर सवार लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान एक क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि अन्य लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। कुछ लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है और उनकी तलाश जारी है।

इधर क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच ईरान की ओर से जहाजों, तेल रिफाइनरियों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। बहरीन में भी ईंधन भंडारण से जुड़े एक केंद्र को निशाना बनाने की कोशिश की गई, जिसके बाद वहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।

इस बीच अमेरिका ने दावा किया है कि ईरान के खिलाफ उसका सैन्य अभियान अपने लक्ष्य के करीब है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं ईरान ने संकेत दिया है कि वह लंबे समय तक संघर्ष के लिए तैयार है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते हमलों और समुद्री मार्गों पर खतरे के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर पड़ सकता है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button