दो मंजिल की अनुमति, खड़ी कर दी चार मंजिल, निगम ने बिल्डिंग सील की

बिलासपुर। बिना अनुमति अतिरिक्त निर्माण के मामले में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित रामा मैग्नेटो मॉल के पास एक बिल्डिंग को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया। नगर निगम जोन क्रमांक 4 की जोन कमिश्नर भवन शाखा अधिकारी और अतिक्रमण अमले के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर को सील करने की प्रक्रिया पूरी की।

जानकारी के अनुसार, संबंधित भवन मालिक अल्ताफ हुसैन को निगम की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही निर्माण कार्य किया जाए, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखा गया। जांच में सामने आया कि भवन के लिए केवल दो मंजिल की अनुमति ली गई थी, जबकि मौके पर चार मंजिला निर्माण कर लिया गया था।

निगम अधिकारियों ने बताया कि यह निर्माण पूरी तरह से अवैध श्रेणी में आता है, क्योंकि अतिरिक्त मंजिलें बिना स्वीकृति के बनाई गई हैं। कई बार चेतावनी देने के बाद भी जब निर्माण कार्य नहीं रोका गया, तब निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बिल्डिंग को सील करने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान जोन 4 की कमिश्नर सागर राज, भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, सब इंजीनियर आशीष पांडेय, संतोष वर्मा, शिव जायसवाल मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्ती की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button