अफवाह: बिलासपुर में 5 करोड़ की चोरी की अफवाह निकली पूरी तरह निराधार…

ऋषिकेश घूमने गए परिवार के सूने घर में हुई थी चोरी

बिलासपुर में हाल ही में एक सूने घर में हुई चोरी के (अफवाह) मामले में पुलिस ने त्वरित और तथ्यात्मक कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर इसका पर्दाफाश कर दिया है। शहर के गणेश चौक निवासी एक परिवार इन दिनों ऋषिकेश की यात्रा पर गया हुआ था, इसी दौरान घर की खिड़की का एसी हटाकर अज्ञात लोग अंदर घुसे और वहां रखे नगदी व आभूषण उठा ले गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर 5 करोड़ रुपये की चोरी होने की बड़ी अफवाह तेजी से फैल गई थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बालकों को लिया अभिरक्षा में (अफवाह)

हालांकि, पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह दावा पूरी तरह बेबुनियाद और असत्य था। परिवार के लौटने पर जब वास्तविक आकलन किया गया, तो अनुमानित चोरी की रकम और सामान बहुत कम निकला। तकनीकी साक्ष्यों, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जांच टीम ने 10 से 13 वर्ष की आयु के तीन बालकों को अपनी अभिरक्षा में लिया, जिन्होंने पूछताछ के दौरान चोरी की बात स्वीकार कर ली।

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से गायब हुए 1 लाख से अधिक नगद रुपये, पुराने नोट, सोने-चांदी के जेवरात, बहुमूल्य रत्न, पूजा के बर्तन और घर के अन्य धातु के सामान पूरी तरह से बरामद कर लिए हैं। बरामद किए गए सभी सामानों की पहचान पीड़ित परिवार द्वारा कर ली गई है और इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी घटना पर बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी अफवाहें न फैलाएं.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button