जनदर्शन में शिकायत: चपोरा के ग्रामीण जनदर्शन पहुंचे, स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था और सड़क पर अतिक्रमण की शिकायत।
स्टाफ की लापरवाही के साथ आवासपारा के मुख्य मार्ग से कब्जा हटाने की मांग।

बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चपोरा के ग्रामीणों ने (जनदर्शन में शिकायत) कलेक्टर जनदर्शन में दो प्रमुख समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, एएनएम, आरएचओ सहित अन्य कर्मचारी अक्सर अनुपस्थित रहते हैं।
समय पर ओपीडी नहीं खुलती, मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध नहीं होतीं और प्रसव सेवाओं में भी गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। शिकायत में प्रसव के दौरान मरीजों के परिजनों से नगद राशि मांगने और शासन द्वारा निर्धारित पोषण आहार नहीं देने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित कर्मचारियों का स्थानांतरण कर नए और कर्तव्यनिष्ठ स्टाफ की नियुक्ति की मांग की है।
अतिक्रमण हटाकर सड़क को आम लोगों के लिए सुगम बनाने की मांग (जनदर्शन में शिकायत)
वहीं दूसरी शिकायत में ग्राम पंचायत चपोरा के आवासपारा स्थित मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा सड़क पर कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत और आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द अतिक्रमण हटाकर सड़क को आम लोगों के लिए सुगम बनाने की मांग की है।





