भायखला में पानी के छींटे से शुरू हुआ विवाद, यूसुफ पठान के ससुर समेत 3 गिरफ्तार

मुंबई के Byculla (भायखला) इलाके में एक मामूली घटना ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद Yusuf Pathan (यूसुफ पठान) के ससुर खालिद खान, उनके बेटे उमरशाद और एक अन्य आरोपी को पुलिस ने मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 9 बजे यूसुफ खान नाम का शख्स घर लौट रहा था। सड़क पर भरे पानी के गड्ढे से उसकी कार गुजरने पर पानी उछलकर शोएब खान पर गिर गया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। हालांकि यूसुफ ने तुरंत उतरकर माफी भी मांगी, लेकिन बहस बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई।

बताया जा रहा है कि गुस्से में शोएब ने बांस से कार का शीशा तोड़ दिया और यूसुफ खान को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में जब वह पुलिस में शिकायत करने जा रहे थे, तभी रास्ते में खालिद खान, उमरशाद, शोएब और शहबाज पठान ने उन्हें रोक लिया और फिर से हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट से हमला किया, जिसमें यूसुफ खान के साले सलमान का हाथ फ्रैक्चर हो गया और उनके चाचा जाकी अहमद को भी गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चौथा आरोपी शहबाज पठान अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button