रायपुर में आधी रात युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 नाबालिग समेत 3 हिरासत में

रायपुर। राजधानी के उरला थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुमा बना रोड के पास पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की पहचान फुल्लम सिंह गोंड़, पिता कन्हैया गोंड़, उम्र 24 वर्ष, निवासी करंजिया डिंडौरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला कि हत्या की वजह आपसी गाली-गलौच रही।
जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात लगभग 12:05 बजे कुछ लोग पेट्रोल पंप के पास लहूलुहान हालत में पड़े युवक को देखकर डायल 112 के जरिए उरला पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक को एम्स ले जाने के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक निरीक्षण में पीठ पर नुकीले हथियार से वार के निशान पाए गए।
उरला थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद रात में ही पुलिस ने 2 नाबालिग सहित कुल 3 लोगों को हिरासत में लिया। नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल व्यक्तियों से मंगलवार को विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पूछताछ के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि घटना की जांच तेज़ी से चल रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश जारी है। शुरुआती जानकारी से यह स्पष्ट हुआ है कि यह हत्या आपसी विवाद और गाली-गलौच के कारण हुई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल कर रही है ताकि मामले में पूरी सच्चाई सामने आ सके।
इस घटना ने उरला इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए कार्रवाई जारी है।





