नए साल के जश्न में हिंसा : तोरवा में युवक पर चाकू से हमला, नशा बेचने से मना किया तो दो भाइयों ने किया वार

बिलासपुर। नए साल के जश्न के बीच शहर में हिंसा की एक गंभीर घटना ने लोगों को दहला दिया। तोरवा थाना क्षेत्र में देर रात नशा बेचने से मना करने पर दो भाइयों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवकों ने पीड़ित की पीठ पर एक के बाद एक कई चाकू वार किए, जिससे वह वहीं जमीन पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्कालतौर पर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाज़ुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसकी लगातार देखभाल कर रही है।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हमले की वजह नशा बेचने के लिए दबाव बनाना था, जिसे पीड़ित ने मना कर दिया था। इसी बात पर दोनों आरोपी भाइयों ने हमला कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। नए साल की खुशियों के बीच हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।





