NEET पेपर लीक के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन: केंद्रीय शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला, निष्पक्ष जांच की मांग

जांजगीर-चांपा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने किया।
निष्पक्ष जांच और इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की। नेताओं का कहना था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प
कचहरी चौक पर पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी बनी। पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके दौरान फायर ड्राई केमिकल पाउडर कुछ प्रदर्शनकारियों की आंखों में चला गया। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकार को जवाब देना होगा।





