सैलून में देशविरोधी गाना बजाने का मामला, युवक गिरफ्तार

मुंबई से सटे नयागांव इलाके में एक सैलून में देशविरोधी गाना बजाने का मामला सामने आया है। सैलून में तेज आवाज में ‘कश्मीर बनेगा पाकिस्तान’ गाना बजने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना नयागांव के चिंचोटी क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान सैलून से लाउडस्पीकर पर आपत्तिजनक गाना बजने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने सैलून की जांच की, जहां दो लोग मौजूद थे। पूछताछ में सामने आया कि एक युवक मोबाइल फोन को ब्लूटूथ स्पीकर से जोड़कर यूट्यूब के जरिए गाना चला रहा था।

आरोपी की पहचान अब्दुल रहमान सदरुद्दीन शाह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि गाना गलती से चल गया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गाना जानबूझकर बजाया गया और यह करीब एक मिनट तक चला।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और संगठनों में नाराजगी फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि इस तरह के गाने समाज में अशांति और तनाव फैलाने का काम करते हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या संगठन की भूमिका तो नहीं है। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button