नर्सिंग ट्रेनिंग के नाम पर झारखंड ले गईं युवतियां: घर लौटने की गुहार, पैसे नहीं देने पर रोकने का आरोप

छत्तीसगढ़ की 35 युवतियों को झारखंड में कथित तौर पर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। इनमें कांकेर जिले की 15 लड़कियां भी शामिल बताई जा रही हैं। युवतियां नर्सिंग ट्रेनिंग और काम के लिए झारखंड के गढ़वा गई थीं। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गए हैं।
रोते हुए युवती ने मांगी मदद
दुर्गूकोंदल क्षेत्र की एक युवती ने गांव के युवक को वीडियो भेजकर मदद की गुहार लगाई। वीडियो में धमतरी जिले की एक लड़की रोते हुए कहती दिखाई दे रही है कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा और वह घर लौटना चाहती है, लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं।
वीडियो में मौजूद एक महिला कथित तौर पर कहती सुनाई दे रही है कि पैसे नहीं देने पर लड़की को जाने नहीं दिया जाएगा। वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
प्रशासन और पुलिस ने शुरू की जांच
कांकेर कलेक्टर नीलेश कुमार क्षीरसागर ने बताया कि कुछ युवतियां नर्सिंग कार्य के लिए गढ़वा गई थीं, जहां उन्हें ट्रेनिंग दी जा रही थी। प्रशासन को फोन कॉल के जरिए युवतियों को बंधक बनाए जाने की शिकायत मिली है।
कलेक्टर के मुताबिक कुछ लड़कियां अपनी इच्छा से काम के लिए गई हैं, जबकि एक युवती ने बंधक बनाए जाने की शिकायत की है। प्रशासन झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन और पुलिस के संपर्क में है। मामले की जांच की जा रही है।
गढ़वा पुलिस ने बनाई स्पेशल टीम
जानकारी के अनुसार झारखंड की गढ़वा पुलिस ने मामले की जांच के लिए स्पेशल टीम गठित की है। युवतियों की तलाश और जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। युवतियों से जबरन काम कराए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए युवतियों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





