पुलिस की वर्दी पहन प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, फर्जी अफसर बनना पड़ा भारी

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर खुद को अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी रिटायर्ड इंस्पेक्टर पिता की वर्दी पहनकर डिप्टी एसपी के वेश में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था, लेकिन लोगों को शक होने पर उसका भंडाफोड़ हो गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान 34 वर्षीय प्रभात पांडे के रूप में हुई है, जो सिद्धार्थनगर जिले का रहने वाला है। वह मऊ शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित मुंशीपुरा मोहल्ले में पुलिस अधिकारी की वर्दी पहनकर घूम रहा था और प्रेमिका के घर का पता पूछ रहा था। वर्दी में होने के बावजूद उसके साथ न तो कोई सरकारी वाहन था और न ही सुरक्षा कर्मी, जिससे स्थानीय लोगों को संदेह हुआ।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि प्रभात पांडे पुलिस विभाग में किसी भी पद पर कार्यरत नहीं है और उसने अपने पिता की वर्दी पहनकर खुद को सीओ बताया था। उसके पिता वर्ष 2025 में यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी वाराणसी में अपने पिता के साथ रहता है और घर से यह कहकर निकला था कि वह सिद्धार्थनगर जा रहा है। इसके बजाय वह मऊ पहुंच गया और प्रेमिका से मिलने के लिए पुलिस अधिकारी का वेश धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी वर्दी के दम पर लोगों पर रौब जमाने की कोशिश कर रहा था, जिससे शक और गहरा गया। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि प्रभात पांडे मानसिक रूप से परेशान है और वह गंभीर बीमारी से पीड़ित होने का दावा कर रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस की वर्दी के दुरुपयोग और फर्जीवाड़े से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी की मानसिक स्थिति को भी ध्यान में रखा जा रहा है।





