कोण्डागांव की योगिता मंडावी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, जूडो में देश-प्रदेश का नाम रोशन

रायपुर। कोण्डागांव जिले की जूडो खिलाड़ी योगिता मंडावी ने अपनी प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। बालिका गृह, कोण्डागांव में पली-बढ़ी योगिता को जूडो खेल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
सिर्फ 13 साल की उम्र में योगिता ने राज्य की बेहतरीन जूडो खिलाड़ी का दर्जा हासिल किया और इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की। उनकी मेहनत, लगन और उपलब्धियों से न सिर्फ परिवार और संस्था बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगिता को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे बच्चों की सफलता से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। योगिता की उपलब्धि बाल कल्याण संस्थाओं में रह रहे बच्चों के लिए भी उम्मीद और हौसले की मिसाल बन गई है।
योगिता ने साबित किया है कि संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और सपनों को पूरा करने का जूनून सफलता की असली कुंजी है।





