पानी टंकी से गिरने से मजदूर की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सिंधिया गांव में एक मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय महेश्वर शर्मा के रूप में हुई है, जो बिहार के सहारनपुर जिले के वासुदेव गांव का निवासी था। वह गांव में बन रही पानी टंकी के निर्माण कार्य में मजदूर के तौर पर काम कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, महेश्वर मंगलवार रात को निर्माणाधीन पानी टंकी के ऊपर सो रहा था। बुधवार सुबह उसका शव टंकी के नीचे पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि वह रात में नींद में टंकी से गिर गया होगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि महेश्वर पिछले कुछ दिनों से गर्मी और मच्छरों से बचने के लिए टंकी के ऊपर ही सोता था। घटना वाली रात भी वह खाना खाने के बाद वहीं सोने गया था। सुबह जब ग्रामीणों ने उसका शव देखा, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। महेश्वर अपने बेटे के साथ इस काम में लगा हुआ था और दोनों पास ही एक स्टोर रूम में रहते थे। पिता की मौत से बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह पानी टंकी गांव में जल संकट दूर करने के लिए बनाई जा रही है और इसका निर्माण कार्य कई महीनों से चल रहा है। ठेकेदार ने इस कार्य के लिए बिहार से मजदूर बुलाए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस इसे संदिग्ध मृत्यु मानकर जांच कर रही है। आसपास मौजूद मजदूरों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो सकेगा।





