बिहार में महिला रोजगार योजना की शुरुआत, पीएम मोदी बोले- ‘महिलाएं बनें आत्मनिर्भरता की प्रेरणा’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार में महिला रोजगार योजना की शुरुआत की। इस मौके पर राज्य की 75 लाख महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त सीधे ट्रांसफर की गई। लाइव कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कई महिलाओं से संवाद किया, जहां लाभार्थियों ने सरकारी योजनाओं से मिले सहयोग के अनुभव साझा किए।
भोजपुर की रीता देवी ने पीएम मोदी को भावुक होकर “भैया” कहकर संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 2015 में पोल्ट्री व्यवसाय से शुरुआत की थी और अब सरकार से मिले सहयोग ने उनकी जिंदगी बदल दी है। रीता ने कहा, “आज पक्का घर, शौचालय, उज्ज्वला गैस, साफ पानी और मुफ्त बिजली सब मिल रहा है। अब 10 हजार रुपये से और मुर्गियां खरीदूंगी, जिससे आय और बढ़ेगी।”
पश्चिम चंपारण की रंजीता काजी ने उज्ज्वला योजना से धुएं से मुक्ति की बात कही और बताया कि अब वह 10 हजार रुपये को ज्वार-बाजरा की खेती में लगाएंगी। उन्होंने कहा कि योजना उनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
वहीं, पूर्णिया की पुतुल देवी, जो मिठाई की दुकान चलाती हैं, ने कहा कि यह योजना उनके सपनों को हकीकत बनाने का पुल है। उन्होंने बताया कि मुफ्त बिजली से होने वाली बचत को वह अपने बच्चों की पढ़ाई में लगाती हैं और आगे 2 लाख रुपये मिलने पर दुकान को और बढ़ाएंगी।
महिलाओं की बात सुनकर पीएम मोदी ने कहा कि यह योजनाएं सिर्फ परिवार ही नहीं, पूरे गांव की तस्वीर बदल रही हैं। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने मोहल्ले की अन्य महिलाओं को भी इन सरकारी योजनाओं से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।





