महिलाएं पुरुषों से ज्यादा शराब पीती हैं… बंगाल के रानाघाट में एडिशनल एसपी के बयान से मचा बवाल

पश्चिम बंगाल के रानाघाट जिले में एक पुलिस अधिकारी के बयान ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। जिले के एडिशनल एसपी लालटू हालदार ने एक प्रशासनिक बैठक में कहा कि “महिलाएं पुरुषों से ज्यादा शराब पीती हैं और सार्वजनिक रूप से झगड़ा करती हैं।” उनके इस बयान के बाद राज्य भर में विरोध और नाराजगी का माहौल बन गया है।
यह बयान शांतिपुर थाना क्षेत्र में आयोजित शांतिपुर रास उत्सव की तैयारियों से जुड़ी एक बैठक के दौरान दिया गया था। बैठक में नदिया जिले के डीएम अनीश दासगुप्ता और रानाघाट के एसपी आशीष मैज्या समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इसी बैठक में लालटू हालदार ने मंच से कहा कि जुलूसों में अब महिलाओं की भीड़ अधिक होती है और वे खुलकर शराब पीती हैं, जो समाज के लिए चिंताजनक है।
एडिशनल एसपी ने कहा कि “मुझे यह कहते हुए शर्म आती है कि आज महिलाएं खुलेआम शराब पीती हैं और सड़कों पर झगड़ा करती हैं। अगर घर की महिलाएं ऐसा व्यवहार करेंगी तो समाज की दिशा क्या होगी?” उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के व्यवहार से सामाजिक अराजकता बढ़ रही है और यह स्थिति चिंता का विषय है।
हालदार के इस बयान पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कई लोगों ने इसे महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बताया और पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी इस बयान की निंदा की है।
प्रशासनिक हलकों में भी इस बयान को लेकर खलबली मची हुई है। कई अधिकारी इसे अनुशासनहीनता और असंवेदनशील टिप्पणी बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि अधिकारी ने सामाजिक चिंता के दृष्टिकोण से अपनी बात रखी, लेकिन मंच से ऐसे शब्दों का इस्तेमाल अनुचित था।
वर्तमान में यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि एक उच्च पदस्थ पुलिस अधिकारी को ऐसी सार्वजनिक टिप्पणी करने का अधिकार है या नहीं।





