“कॉकरोच या चूहा बनकर लौटूं अगले जन्म में तो?”— मौत से पहले शेफाली जरीवाला ने कही थी दिल छू लेने वाली बात

मुंबई:बॉलीवुड और टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब हमारे बीच नहीं रहीं। उनकी मौत ने फैंस और इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। इस बीच उनका एक पुराना पॉडकास्ट वायरल हो रहा है, जिसमें वो अगले जन्म, सुंदरता, आत्मविश्वास और जीवन को जीने के नजरिए पर खुलकर बात करती दिखती हैं। यह पॉडकास्ट उन्होंने पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट पारस छाबड़ा के साथ किया था।

पॉडकास्ट में शेफाली ने कहा था कि लोग अपनी सुंदरता बनाए रखने के लिए जो भी करते हैं, वह गलत नहीं है। चाहे वो सर्जरी हो या स्किन ट्रीटमेंट। पारस द्वारा एस्थेटिशियन और स्किन डॉक्टर्स से जुड़े सवालों पर उन्होंने साफ कहा था कि हर कोई सुंदर दिखना चाहता है, इसमें कोई बुराई नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकारा कि ये प्रक्रियाएं महंगी होती हैं और इनमें दर्द भी होता है।

इस बातचीत में सबसे ज्यादा चर्चा बटोरने वाला हिस्सा वह था जब शेफाली ने “अगले जन्म” की बात की थी। उन्होंने कहा था, “अगर अगला जन्म हुआ और आप कॉकरोच या चूहा बन गए तो? अभी जो मिला है, वही सबकुछ है। तो जो अच्छा लगे, वो करो। जो खुशी दे, वही करो।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी को दुख न पहुंचाते हुए यदि कोई अपनी बेहतरी के लिए कुछ करता है तो उसमें कोई बुराई नहीं।

शेफाली की ये बातें अब एक सकारात्मक संदेश बन चुकी हैं—खुद से प्रेम करो, खुलकर जियो और समाज की सोच से ऊपर उठकर निर्णय लो। उनकी मौत के बाद लोग न सिर्फ उन्हें एक ग्लैमरस कलाकार के रूप में याद कर रहे हैं, बल्कि एक ऐसी महिला के रूप में भी, जिसने जिंदगी को अपने ढंग से जिया और जाते-जाते भी एक गहरी बात कह गई।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button