अमेरिका को चीन का सामना करने के लिए क्यों चाहिए भारत जैसा मजबूत मित्र? निक्की हेली का बड़ा बयान

वॉशिंगटन, 21 अगस्त 2025

 अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका चीन की बढ़ती वैश्विक महत्वाकांक्षाओं पर अंकुश लगाना चाहता है, तो उसके पास भारत जैसा मित्र होना बेहद जरूरी है। ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में आई खटास को लेकर हेली ने कहा कि इन दो बड़े लोकतंत्रों के बीच दरार पैदा होना एक रणनीतिक गलती होगी।

हेली ने एक पत्रिका में लिखे लेख में कहा कि ट्रंप प्रशासन को भारत के साथ अपने साझा आर्थिक और सुरक्षा लक्ष्यों को नज़रअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत एशिया में चीन के प्रभाव का सबसे बड़ा संतुलन बना सकता है। अगर वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच दूरी बढ़ी, तो इसका सीधा फायदा बीजिंग को मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत जिस तेज़ी से उभर रहा है, वह जल्द ही चीन को पीछे छोड़ सकता है। अमेरिका अपनी सप्लाई चैन चीन से हटाना चाहता है और भारत इसमें अहम भूमिका निभा सकता है। हेली ने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत के साथ 25 साल की प्रगति को रोकना रणनीतिक आपदा होगी।

हेली ने ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच सीधे संवाद की अपील की ताकि दोनों देशों के बिगड़ते संबंध सुधर सकें। उन्होंने याद दिलाया कि 1982 में व्हाइट हाउस में रोनाल्ड रीगन ने इंदिरा गांधी से कहा था कि भले ही वाशिंगटन और नई दिल्ली अलग रास्तों पर हों, लेकिन उनका लक्ष्य एक ही रहना चाहिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button