मौसम की मार: मिजोरम में 626 लैंडस्लाइड, पूर्वोत्तर में बाढ़ से लाखों प्रभावित; एमपी-बिहार में तेज आंधी का अलर्ट

दिल्ली। देश के पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। मिजोरम में बीते 11 दिनों में 626 भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिनमें 5 लोगों की मौत हुई। सरकार ने 13 जून तक पर्यटकों को राज्य से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की है। मणिपुर में बाढ़ से 1.64 लाख लोग प्रभावित हैं और 35 हजार से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। अब तक 4 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया है। नगालैंड से मणिपुर को जोड़ने वाला NH-2 भी धंस गया है।
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 21 जिलों में 6.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं और 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मंगलवार को बाढ़ व भूस्खलन से 6 लोगों की मौत के साथ राज्य में कुल मृतक संख्या 17 हो गई। इंफाल पश्चिम में 56 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं।देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर दिखा। मध्य प्रदेश और बिहार में आज 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट जारी हुआ है।
एमपी के 17 और बिहार के 29 जिलों में बारिश का अनुमान है। राजस्थान के 29 जिलों में यलो अलर्ट है। मुंबई में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के रोहतांग पास में बर्फबारी हुई है। देशभर में मौसम के बदलते मिजाज ने सामान्य जनजीवन पर असर डाला है। कई जगहों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली आपूर्ति में दिक्कतें सामने आई हैं।





