जगदलपुर में आज शाम और कल सुबह पानी की सप्लाई बंद, पाइप लाइन मरम्मत का काम

जगदलपुर। शहर में रहने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में आज (बुधवार) शाम और कल (गुरुवार) सुबह पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
दरअसल, सर्किट हाउस रोड के पास मेन पाइप लाइन में लीकेज हो गया है, जिसकी मरम्मत की जाएगी। मरम्मत का काम आज शाम शुरू होगा और कल शाम तक पूरा होने की उम्मीद है।
नगर निगम ने बताया कि जिन इलाकों में पानी की ज्यादा दिक्कत होगी, वहां टैंकर से पानी पहुंचाया जाएगा। इसके लिए शहर के 48 वार्डों में 30 पानी टैंकर की व्यवस्था की गई है, ताकि हर वार्ड तक पानी मिल सके।
निगम के मुताबिक, जिस पाइप लाइन की मरम्मत हो रही है, वही पाइप लाइन शहर की करीब 10 पानी टंकियों को भरती है। इन टंकियों से पूरे शहर में पानी सप्लाई होता है।
मरम्मत के दौरान लोगों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन निगम ने भरोसा दिलाया है कि कल शाम तक पानी की सप्लाई दोबारा शुरू हो जाएगी।





