अजरबैजान से भारत लाया गया वांटेड भगोड़ा प्रभदीप सिंह, ड्रग्स तस्करी मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के समन्वय से वांटेड भगोड़े प्रभदीप सिंह को अजरबैजान से सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित कराया है। प्रभदीप सिंह मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रभदीप सिंह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में दर्ज NDPS एक्ट के मामले में वांछित था। इस केस में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए थे और कई सह-आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है।
दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर CBI ने इंटरपोल के जरिए आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद अजरबैजान की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आरोपी को भारत लाया गया।
दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय टीम आरोपी को लेने अजरबैजान की राजधानी बाकू गई थी। बुधवार को टीम प्रभदीप सिंह को लेकर दिल्ली पहुंची।
CBI के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल और भारतपोल के जरिए 160 से ज्यादा वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।





