विराट-रोहित नहीं ले रहे वनडे से संन्यास, BCCI उपाध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी

भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे बड़े सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास को लेकर उठ रही अटकलों पर BCCI ने सफाई दी है। टेस्ट और T20I क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद सोशल मीडिया पर खबरें थीं कि दोनों जल्द ही वनडे क्रिकेट को भी अलविदा कह सकते हैं। लेकिन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ कर दिया है कि ऐसा कुछ नहीं है और दोनों खिलाड़ी अभी टीम इंडिया की ओर से वनडे मैच खेलते रहेंगे।

राजीव शुक्ला ने कहा कि विराट और रोहित का वनडे रिकॉर्ड शानदार है और फिलहाल उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने एक टॉक शो में कहा कि BCCI कभी भी किसी खिलाड़ी पर रिटायरमेंट का दबाव नहीं डालता, यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत फैसला होता है। उन्होंने फैंस से अपील की कि वे अभी से विदाई की बात न करें क्योंकि दोनों खिलाड़ी बेहतरीन फॉर्म और फिटनेस में हैं।

उपाध्यक्ष ने विशेष तौर पर विराट कोहली की फिटनेस की तारीफ की और कहा कि वे अभी भी टीम के सबसे फिट खिलाड़ियों में से एक हैं। वहीं रोहित शर्मा को उन्होंने वनडे क्रिकेट का उम्दा खिलाड़ी बताया। शुक्ला ने यह भी कहा कि जब सही समय आएगा तो विदाई समारोह भी होगा, लेकिन फिलहाल ऐसी कोई संभावना नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट और रोहित दोनों ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 19 से 25 अक्टूबर तक होने वाली वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे। IPL 2025 के दौरान उनके भविष्य को लेकर कई अफवाहें उठी थीं, लेकिन दोनों ने ट्रेनिंग शुरू कर यह साबित कर दिया है कि उनका ध्यान अभी भी टीम इंडिया के लिए खेलने पर है।

BCCI ने संकेत दिए हैं कि स्टार खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं की जाएगी। ऐसे में फैंस के लिए यह बड़ी खुशखबरी है कि टीम इंडिया के ये दोनों दिग्गज वनडे क्रिकेट में अपना जलवा दिखाते रहेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button