विजय ने ली तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ, 9 विधायकों को भी मिला मंत्री पद

तमिलनाडु की राजनीति में नया अध्याय शुरू हो गया है। अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उनके साथ 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राज्य में 59 साल बाद पहली बार गैर DMK और AIADMK सरकार बनी है।
शपथ ग्रहण समारोह में जुटे बड़े नेता और समर्थक
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। अभिनेत्री तृषा कृष्णन भी समारोह में पहुंचीं। स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में विजय के समर्थक मौजूद रहे। विजय ने मंच पर पहुंचकर हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनकी मां शोभा चंद्रशेखर ने इसे गर्व का पल बताते हुए मदर्स डे पर खुशी जाहिर की।
120 विधायकों के समर्थन से बनी सरकार
विजय की पार्टी TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतीं। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद उनके पास 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी। कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML ने सरकार गठन में समर्थन दिया है। राज्यपाल ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का समय दिया है।
इन नेताओं ने मंत्री पद की ली शपथ
विजय के साथ जिन नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर. निर्मलकुमार, ए. राजमोहन, टी.के. प्रभु और एस. कीर्तन शामिल हैं। नई सरकार बनने के साथ ही तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव और नई उम्मीदों की चर्चा तेज हो गई है।





