सड़क पर हंगामे का वीडियो वायरल, युवक-युवती के बीच एक घंटे तक चला विवाद

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र में सड़क पर युवक और युवती के बीच हंगामे का मामला सामने आया है। बीच सड़क युवती युवक को थप्पड़ मारती रही और दोनों के बीच करीब एक घंटे तक ड्रामेबाजी चलती रही। इस दौरान युवती कभी गाड़ियों के सामने कूदकर जान देने की बात कहती नजर आई तो युवक उसे समझाने की कोशिश करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक और युवती के बीच अचानक विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते सड़क पर तमाशे में बदल गया। युवती बार-बार युवक पर हाथ उठाती रही। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों को लगा कि युवक युवती से छेड़खानी कर रहा है, जिसके चलते कुछ युवकों ने पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, युवक तालापारा इलाके का रहने वाला है और युवती भी उसी मोहल्ले में रहती है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं। तीन दिन पहले युवती अपने परिचित की एक महिला के साथ कोनी रोड गई थी, जहां युवक भी उसके साथ मौजूद था। उस समय युवक शराब के नशे में था, जबकि युवती भी नशे की हालत में बताई जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती युवक को थप्पड़ मारते हुए और बीच सड़क हंगामा करते हुए दिखाई दे रही है। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई, हालांकि मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
सड़क पर हुए इस हंगामे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। घटना के बाद क्षेत्र में इस वीडियो को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।





