मंगलवार को होगा उपराष्ट्रपति चुनाव, शाम तक नतीजे घोषित

दिल्ली। देश में मंगलवार को नए उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान होगा। 21 जुलाई को जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफा देने के बाद यह चुनाव कराया जा रहा है। मतदान संसद भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि वोटों की गिनती शाम 6 बजे से शुरू होकर उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
एनडीए ने अपने उम्मीदवार के रूप में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को मैदान में उतारा है, जबकि विपक्षी गठबंधन इंडिया ने सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है। आंकड़ों के लिहाज से एनडीए को स्पष्ट बढ़त है, लेकिन विपक्ष की मजबूती से मुकाबला रोचक हो सकता है। कुल 542 लोकसभा और 245 राज्यसभा सांसद वोट डालेंगे। बहुमत के लिए 391 सांसदों का समर्थन जरूरी है।
पिछले दो दशकों में उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत का मार्जिन लगातार बढ़ा है। 2002 में भैरों सिंह शेखावत ने 149 वोट से जीत दर्ज की थी, जबकि 2022 में धनखड़ ने विपक्ष की मार्गरेट अल्वा को 346 वोट से हराया था। विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार भी एनडीए उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
चुनाव में गुप्त मतदान होगा, इसलिए क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने सांसदों को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए बैठकें बुलाई हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहयोगी दलों के सांसदों के लिए डिनर भी देंगे।
अब तक केवल डॉ. राधाकृष्णन और डॉ. हामिद अंसारी दो-दो बार उपराष्ट्रपति चुने गए हैं। देश में चार बार उपराष्ट्रपति निर्विरोध चुने गए, लेकिन अब तक किसी महिला को यह पद नहीं मिल सका है।





