दिल्ली–सिकंदराबाद रूट पर दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर, 180 किमी की रफ्तार और हाईटेक सुविधाओं से लैस

दिल्ली से सिकंदराबाद के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे इस रूट पर वंदे भारत की स्लीपर ट्रेन शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके शुरू होने से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में ज्यादा आराम और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे की ओर से जल्द ही इसके संचालन को लेकर आधिकारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।

यह देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी, जिसे लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। मौजूदा समय में दिल्ली–सिकंदराबाद रूट पर राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें चलती हैं, लेकिन वंदे भारत स्लीपर के आने से यात्रा का समय घटेगा और सुविधाओं का स्तर बेहतर होगा।

रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। संचालन के दौरान यह 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की औसत रफ्तार से चलेगी। ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें लगभग 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। इसके दरवाजों में सेंसर लगाए गए हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वेस्टिब्यूल वाले ऑटोमैटिक दरवाजे, बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और शोर कम करने वाली तकनीक से यात्रा ज्यादा आरामदायक होगी।

सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन में ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम कवच लगाया गया है। इसके अलावा इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम, इंटीग्रेटेड लाइटिंग और उच्च स्तर की स्वच्छता के लिए डिसइंफेक्टेंट तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारंभ कर सकते हैं। इसके बाद दिल्ली–सिकंदराबाद जैसे व्यस्त रूट पर यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का नया विकल्प मिलेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button