वैभव सूर्यवंशी का ऑस्ट्रेलिया में पहला शतक, ब्रेंडन मैक्कलम जैसा रिकॉर्ड बनाया

IND U19 vs AUS U19: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने ऑस्ट्रेलिया में अपने बल्ले से इतिहास रच दिया है। 14 साल के इस खिलाड़ी ने अपने पहले ही अंडर-19 टेस्ट में शतक जड़कर सबको चौंका दिया। उन्होंने सिर्फ 78 गेंदों में शतक पूरा किया और इस दौरान ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
वैभव ने 37 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की, जिसमें 4 छक्के शामिल रहे। इसके बाद उन्होंने महज 78 गेंदों में शतक ठोक डाला, जिसमें 7 छक्के शामिल थे। उनकी पूरी पारी 86 गेंदों की रही, जिसमें 9 चौके और 8 छक्कों की मदद से उन्होंने 113 रन बनाए। उनकी ये पारी 131.39 की स्ट्राइक रेट से आई, जो यूथ टेस्ट क्रिकेट में चौथा सबसे तेज शतक है।
इस शतक के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज ब्रेंडन मैक्कलम के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वह मैक्कलम के बाद सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने अंडर-19 टेस्ट में 100 से कम गेंदों में दो शतक जड़े हैं।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर यह उनका पहला शतक है, जबकि अंडर-19 क्रिकेट में कुल दूसरा शतक। इंग्लैंड दौरे पर वे कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर भारत को मजबूत स्थिति में ला दिया और फैंस की उम्मीदों पर खरे उतरे।





