उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से, हंगामेदार रहने के आसार

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो 24 दिसंबर तक चलेगा। पांच दिन के इस छोटे सत्र में सरकार कई अहम विधेयक पेश करने जा रही है। इसमें 8 अध्यादेशों को कानून बनाने वाले बिल और पहला अनुपूरक बजट शामिल है।

हालांकि, सत्र के पहले दिन से ही विपक्ष के हंगामे के संकेत मिल रहे हैं। खासतौर पर समाजवादी पार्टी कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़े पैमाने पर तस्करी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

सत्र से एक दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई। इस बैठक में सभी दलों ने सदन को शांति और संसदीय मर्यादा के साथ चलाने का भरोसा दिया। अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सकारात्मक चर्चा करने और एक-दूसरे को बोलने का अवसर देने की अपील की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार हर विधेयक पर खुली चर्चा के लिए तैयार है और सदस्यों को सार्थक बहस में भाग लेना चाहिए। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर मुद्दे पर गंभीरता से जवाब देगी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित कई दलों के नेता मौजूद रहे।

ये मुद्दे गरमा सकते हैं सदन

विपक्ष कोडीन आधारित कफ सिरप की अवैध तस्करी को बड़ा मुद्दा बनाएगा। हाल के महीनों में यूपी STF, ED और FSDA की कार्रवाई में हजारों करोड़ रुपये के तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। बड़ी संख्या में बोतलें जब्त की गई हैं और कई लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे ‘माफिया राज’ का उदाहरण बताया है।

इसके अलावा कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों का बकाया भुगतान और SIR अभियान भी अहम मुद्दे रहेंगे। विपक्ष SIR को वोट काटने की साजिश बता रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि यह मतदाता सूची को साफ करने की प्रक्रिया है। इस मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सत्र के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए विधान भवन परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यातायात, सुरक्षा जांच और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं।

यह सत्र 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के लिए अपनी रणनीति और ताकत दिखाने का अहम मंच माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button