प्रेमी की पत्नी के सामने दो युवतियों ने की पिटाई, हाईवोल्टेज ड्रामा

रायपुर। रायपुर में महिला अफसर के पति के दो प्रेम संबंधों का मामला अब मारपीट और पुलिस केस तक पहुंच गया है। यह मामला तब सामने आया जब एक महिला अधिकारी की मौजूदगी में दो युवतियों ने उसके पति की सरेआम पिटाई कर दी। इस घटनाक्रम में दोनों पक्षों की शिकायत पर विधानसभा पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
महालेखाकार कार्यालय में सहायक लेखाकार के पद पर पदस्थ अफसर सोनी कुमारी ने पुलिस को बताया कि वह गैलेक्सी आइलैंड कॉलोनी में रहती हैं। 29 जून की रात करीब 1:30 बजे दो युवतियां—रेशमा किरण और पिंकी सिंह राजपूत, नशे की हालत में उनके घर में घुसीं और उनके पति राजेश को खोजते हुए हंगामा मचाया। कुछ देर बाद युवतियां लौट गईं, लेकिन सुबह 5:30 बजे राजेश घर आया तो उसके सिर से खून बह रहा था। उसके पीछे-पीछे दोनों युवतियां भी आ गईं और सोनी के सामने ही राजेश की दोबारा पिटाई कर दी।
महिला अधिकारी ने युवतियों पर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने की शिकायत की, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने दोनों पर दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। वहीं, रेशमा किरण ने भी अपनी शिकायत में कहा कि वह राजेश को तीन साल से जानती हैं और उसके साथ प्रेम संबंध में हैं। लेकिन बाद में पता चला कि राजेश का एक और युवती पिंकी सिंह से भी रिश्ता है। रेशमा और पिंकी के मुताबिक, 29 जून की सुबह जब राजेश उनके घर आया, तब उसने ही दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





