करण जौहर को टक्कर देने आ रहीं काजोल-ट्विंकल, नए चैट शो में दिखेंगे शाहरुख, आमिर और अक्षय जैसे सुपरस्टार्स

मुंबई:बॉलीवुड में एक नए चैट शो की जोरदार एंट्री होने वाली है, जो फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है. अमेजन प्राइम वीडियो पर जल्द शुरू होने वाले इस शो में काजोल और ट्विंकल खन्ना पहली बार साथ नजर आएंगी और होस्ट की भूमिका में होंगी. खास बात ये है कि यह शो करण जौहर के मशहूर ‘कॉफी विद करण’ को सीधी टक्कर देने आ रहा है.

काजोल और ट्विंकल, जो रियल लाइफ में भी अच्छे दोस्तों में गिनी जाती हैं, अब स्क्रीन पर मिलकर धमाका करने जा रही हैं. इस चैट शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें आमिर खान, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और अजय देवगन जैसे टॉप सुपरस्टार्स गेस्ट के रूप में नजर आएंगे.

शो में कुल आठ एपिसोड होंगे और हर एपिसोड में दो-दो स्टार्स एक साथ दिखाई देंगे. इस कॉन्सेप्ट के तहत दर्शकों को उनकी फिल्मों के पीछे की अनसुनी कहानियां, पुराने किस्से, पर्दे के पीछे की मस्ती और कई छुपे राज जानने को मिलेंगे. यह शो न सिर्फ एंटरटेनिंग होगा, बल्कि दर्शकों को अपने पसंदीदा सितारों का एक अलग ही अंदाज देखने को मिलेगा.

खास बात यह है कि शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी. इस जोड़ी को दर्शकों ने DDLJ, कुछ कुछ होता है और बाजीगर जैसी फिल्मों में खूब पसंद किया है. इसके अलावा अजय देवगन और अक्षय कुमार, जो रियल लाइफ में इन होस्ट्स के पति हैं, उन्हें भी आमने-सामने देखने का मौका मिलेगा.

बॉलीवुड के गोल्डन दौर की यादों को संजोने और पर्दे के पीछे की अनकही कहानियों को सामने लाने के मकसद से बनाए जा रहे इस शो को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही जबरदस्त बज़ है.

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या काजोल और ट्विंकल का यह शो करण जौहर के ‘कॉफी विद करण’ जितना लोकप्रिय हो पाएगा या नहीं, लेकिन फिलहाल तो फैंस बेसब्री से इस चैट शो के ऑन-एयर होने का इंतजार कर रहे हैं.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button