यूपी में फिर आफत की बारिश का कहर, 24 घंटे में 35 की मौत

लखनऊ:उत्तर प्रदेश में प्री मॉनसून की बारिश अब कहर बनकर टूट रही है। बीते 24 घंटे के भीतर आंधी, तेज बारिश और आकाशीय बिजली से 35 लोगों की मौत हो गई है। राज्य के पूर्वी और तराई क्षेत्र में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए फिर से तेज बारिश, गरज-चमक और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 40-50 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई, जबकि शाहजहांपुर में आंधी और बारिश की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की जान चली गई। वाराणसी, सोनभद्र, गाजीपुर और मिर्जापुर में भी जानमाल का नुकसान हुआ है। उधर हीटस्ट्रोक से भी 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और तीन लोगों की मौत डूबने से हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलों के अधिकारियों को तत्काल नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजने और पीड़ित परिवारों को त्वरित राहत देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश भी दिया।

सोमवार को बरेली में सबसे अधिक 149 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। आगरा में एक सड़क धंसने से युवक गिर गया, जिसे बचाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। चंदौली और ललितपुर में बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर है।

प्रदेश में मौसम का ये बदला मिजाज लोगों को जहां गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं जानलेवा साबित भी हो रहा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button