‘फर्क समझिए सरजी’: राहुल गांधी का पीएम मोदी पर अमेरिकी दबाव में झुकने का आरोप, इंदिरा गांधी की मजबूती याद दिलाई

दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति और नेतृत्व शैली पर तीखा हमला बोला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों और भारत पर लगाए गए भारी टैरिफ के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए कैप्शन लिखा – “फर्क समझिए सरजी”। इस वीडियो में उन्होंने मोदी सरकार पर अमेरिकी दबाव में “सरेंडर” करने का गंभीर आरोप लगाया और 1971 के युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी के साहसिक नेतृत्व से तुलना की।

राहुल गांधी ने कहा कि आज की सरकार दबाव पड़ते ही झुक जाती है, जबकि इंदिरा गांधी ने अमेरिका जैसी महाशक्ति के सामने भी देशहित में अडिग रुख अपनाया था। उन्होंने 1971 के भारत-पाक युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अमेरिका ने अपना सातवां बेड़ा और एयरक्राफ्ट कैरियर हिंद महासागर की ओर भेज दिया था, लेकिन इंदिरा गांधी ने साफ शब्दों में कहा था – “मुझे जो करना है, मैं करूंगी।” राहुल के मुताबिक, उस दौर में फोन कॉल या कूटनीतिक तामझाम नहीं था, फिर भी भारत ने मजबूती से अपने फैसले लिए।

राहुल गांधी की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी उनसे मिलने की इच्छा लेकर आए थे और भारत पर लगाए गए टैरिफ का भी जिक्र किया था। ट्रंप ने यह भी कहा था कि रूसी तेल की खरीद को लेकर भारत पर 50 प्रतिशत तक टैरिफ लगाया गया है और इस वजह से पीएम मोदी उनसे खुश नहीं हैं।

राहुल गांधी ने अपने वीडियो में बीजेपी और आरएसएस पर भी तंज कसते हुए कहा कि ये लोग दबाव पड़ते ही डरकर पीछे हट जाते हैं। उन्होंने कहा, “थोड़ा सा धक्का दो, तो ये डर के मारे भाग जाते हैं।” राहुल के इस बयान को कांग्रेस की ओर से सरकार की विदेश नीति पर सीधा हमला माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी सत्र और चुनावी माहौल के बीच राहुल गांधी का यह बयान सरकार को घेरने की रणनीति का हिस्सा है, जिसमें वे इंदिरा गांधी के ऐतिहासिक नेतृत्व को सामने रखकर वर्तमान सरकार की तुलना कमजोर रूप में पेश कर रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button