तूफान वुटिप: चीन में मचाएगा तीन दिन तक तबाही, अलर्ट जारी

बीजिंग:चीन में ‘वुटिप’ नाम का एक खतरनाक तूफान दस्तक देने वाला है, जो अगले तीन दिनों तक तबाही मचा सकता है। दक्षिण चीन सागर में बना यह ट्रॉपिकल डिप्रेशन अब एक शक्तिशाली तूफान का रूप ले चुका है। यह तूफान शुक्रवार को हाइनान और ग्वांगडोंग के तटीय क्षेत्रों से टकरा सकता है। चीन की राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (NMC) ने चेतावनी दी है कि यह इस साल का पहला तूफान होगा जो देश की ज़मीन से टकराएगा।

हाइनान, ग्वांगडोंग और ग्वांग्शी जैसे दक्षिणी प्रांतों में बुधवार से शनिवार तक मूसलधार बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका है। हाइनान के मध्य और पूर्वी हिस्सों में बारिश की मात्रा 100 से 150 मिमी तक पहुंच सकती है, जिससे बाढ़, भूस्खलन और नदी के जलस्तर में तेज़ वृद्धि का खतरा है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने अलर्ट का स्तर IV से बढ़ाकर लेवल III कर दिया है। प्रभावित इलाकों में नौका सेवाएं बंद कर दी गई हैं और समुद्री प्लेटफॉर्म्स से सैंकड़ों कर्मियों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

दिलचस्प बात यह है कि यह तूफान सामान्य से करीब दो महीने देरी से बना है। आमतौर पर पहला तूफान मार्च में बनता है, जबकि इस बार जून में बना है। हालांकि इसका टकराव 13 जून को होगा, जो औसतन 27 जून के मुकाबले जल्दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि देर से बना यह तूफान खेती और मछली पालन के लिए राहतदायक रहा है, लेकिन अब इसकी गंभीरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

मौसम विभाग ने लोगों से कहा है कि वे पेड़ों को बांधें, निर्माण स्थलों को सुरक्षित करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें। सभी समुद्री गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है और लोगों को घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button