दिल्ली के नादिर शाह मर्डर केस में शामिल हाशिम बाबा गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार 

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के एसटीएफ की मेरठ यूनिट और दिल्ली स्पेशल सेल ने गुरुवार अलसुबह हाशिम बाबा गैंग के दो शूटर को घेर लिया. इसके बाद आमने सामने की गोलीबारी में घायल दोनों शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया. इनके पास से चोरी की कार, तीन पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए हैं. आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धराओं के तहत खतौली में केस दर्ज कराया गया है.

स्पेशल सेल की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, टीम को जानकारी मिली थी कि हाशिम बाबा गिरोह का शार्प शूटर अनस गाजियाबाद और दिल्ली के आसपास घूम रहा है. उसके साथ उसका एक सहयोगी असद भी है. इस जानकारी के मिलने के बाद स्पेशल सेल की टीम ने एसटीएफ मेरठ के साथ एक संयुक्त टीम बनाई और इन दोनों को ढूंढने में जुट गई. दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर सुबह 4 बजे के करीब उन्हें जॉइंट टीम ने रोका, तो दोनों बदमाशों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. उनकी फायरिंग के जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें दोनों घायल हो गए. अनस और असद नाम के शूटरों के पैर में गोली लगी.

जानकारी के अनुसार इस दौरान बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की. वहीं, पुलिस ने भी चार राउंड फायरिंग की. दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इन दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में खतौली में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

बताया जा रहा है कि दोनों शूटर हाशिम बाबा के बेहद करीबी है. यह दोनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता है. पुलिस नादिर शाह हत्याकांड में दोनों शूटरों की भूमिका की जांच कर रही है. गिरफ्तार शूटर अनस के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य तरह के चार मामले दर्ज हैं. जिसमें यह वांछित था. जबकि दूसरे शूटर असद अमीन पर तीन अलग-अलग मामले दर्ज है.

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button