बीजापुर में दो नए सुरक्षा और जन-सुविधा कैम्प स्थापित, अब ग्रामीणों को मिलेगी सुरक्षा और मूलभूत सुविधाएं

बीजापुर। जिले के भोपालपटनम थाना क्षेत्र के कांडलापर्ती-2 और फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पील्लूर में नए सुरक्षा और जन-सुविधा कैम्प स्थापित किए गए हैं। यह कदम छत्तीसगढ़ सरकार की “नियद नेल्ला नार” योजना के तहत उठाया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान करना है।
विपरीत मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाते हुए दोनों कैम्पों की स्थापना पूरी की। इन कैम्पों से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र के विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी।
इस पहल से भोपालपटनम से फरसेगढ़, सेण्ड्रा और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली तक बेहतर संपर्क स्थापित होगा। आने वाले समय में नेशनल पार्क क्षेत्र के गांवों तक सड़क, पुल-पुलिया और अन्य सुविधाएं पहुंचाने में आसानी होगी।
इन कैम्पों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को अब स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, पेयजल, पीडीएस दुकानें और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं भी मिलने लगेंगी। इसके साथ ही माओवादी गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है।





