दिल्ली में डेरा डाले बिहार के सियासी महारथी, सीट बंटवारे पर जारी खींचतान

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। इस समय बिहार की पूरी राजनीति दिल्ली शिफ्ट हो चुकी है। एनडीए और महागठबंधन दोनों गठबंधनों के तमाम बड़े नेता राजधानी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। सीट बंटवारे को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है, लेकिन अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर हुई अहम बैठक में अमित शाह और जीतन राम मांझी भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि मांझी 10 सीटों की मांग पर अड़े हैं, जबकि बीजेपी उन्हें सात सीटों का प्रस्ताव दे रही है। बैठक में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा हुई, पर नतीजा फिलहाल अधर में है।
वहीं दूसरी ओर, महागठबंधन में भी सीट शेयरिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पटना में कई दौर की बैठकें बेनतीजा रहने के बाद अब लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव दिल्ली पहुंचे हैं। यहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे और सीटों के बंटवारे पर आखिरी निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अगले एक-दो दिनों में दोनों गठबंधन सीटों के बंटवारे की घोषणा कर सकते हैं। एनडीए में जहां चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और मांझी जैसे नेता अपनी-अपनी सीटों को लेकर सक्रिय हैं, वहीं महागठबंधन में भी कांग्रेस और राजद के बीच दावेदारी को लेकर तनातनी बनी हुई है।
फिलहाल बिहार के सभी सियासी महारथी दिल्ली में मोर्चा संभाले हुए हैं और राजधानी की सियासी गर्मी आने वाले विधानसभा चुनावों के संकेत दे रही है।





