ट्रंप ने फिर लिया भारत-पाक सीजफायर का श्रेय, कांग्रेस का पीएम मोदी पर सवाल

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्धविराम का श्रेय उन्हें जाता है। इस बयान को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाया है कि ट्रंप बार-बार यह दावा कर रहे हैं, फिर भी पीएम मोदी चुप क्यों हैं?
ट्रंप बोले – “मेरे दबाव में हुआ युद्धविराम”
डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अगर उन्होंने दखल नहीं दिया होता, तो भारत-पाक के बीच हालात बेहद खराब हो सकते थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोनों देशों पर व्यापारिक दबाव बनाकर सीजफायर करवाया।
21 दिनों में 11 बार कर चुके हैं दावा
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह पिछले 21 दिनों में 11वीं बार है जब ट्रंप ने सीजफायर का श्रेय खुद को दिया है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर बात है, लेकिन पीएम मोदी अब तक चुप हैं।
जयराम रमेश ने कहा कि मोदी सिर्फ तारीफ पसंद करते हैं और मुश्किल सवालों पर चुप हो जाते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या ट्रंप का दावा सही है? अगर नहीं, तो पीएम मोदी इसका जवाब क्यों नहीं दे रहे?
यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने ट्रंप के बयान को लेकर मोदी को घेरा हो। इससे पहले ट्रंप के टैरिफ विवाद पर भी जयराम रमेश ने कहा था कि पीएम मोदी आलोचना नहीं सुनना चाहते, सिर्फ तारीफ पसंद है।
विदेश मंत्री ने नकारा था ट्रंप का दावा
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाक सीमा पर तनाव बढ़ गया था। 10 मई को दोनों देश युद्धविराम पर सहमत हुए थे। इस पर ट्रंप ने दावा किया था कि उन्होंने मध्यस्थता की। हालांकि, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने साफ कहा था कि यह फैसला भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ की आपसी बातचीत से हुआ, ट्रंप की कोई भूमिका नहीं थी।





