ट्रांसजेंडर की फंदे में लटकी मिली लाश, पॉकेट से मिला सुसाइड नोट, हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। जिले के लोहरसी गांव में दो दिन पहले एक ट्रांसजेंडर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें कई लोगों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। पुलिस बरामद सुसाइड नोट की विवेचना कर रही है।
पीएम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा कि ट्रांसजेंडर ने आत्महत्या की है या फिर उसकी हत्या की गई है। पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, अर्जुनी थाना में एक ट्रांसजेंडर की संदिग्ध परिस्थिति में फांसी पर लटके मिले शव मामले में नया मोड़ आया है।
दरअसल, पुलिस ने मृतक के पॉकेट से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें मृतक ने खुद को ट्रांसजेंडर बताया है। मृतक ने अपना नाम तिलक और टिकेश्वरी साहू लिखा है। मृतक ने कुछ लोगों पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है और ये भी लिखा है कि वो उसी दहशत के कारण आत्महत्या कर रहा है।





